लाइनमैन की आत्महत्या के मामले में सरधुवा थाने के एसआई अजहर जमाल के विरुद्ध दर्ज होगी एफआईआर - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, July 19, 2026

लाइनमैन की आत्महत्या के मामले में सरधुवा थाने के एसआई अजहर जमाल के विरुद्ध दर्ज होगी एफआईआर

चित्रकूट, के एस दुबे : प्रेम-प्रसंग के चलते युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में दबाव बनाने के आरोप में सरधुवा थाने के उपनिरीक्षण के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत करने के आदेश पुलिस अधीक्षक ने दिए है। इस आदेश के बाद रविवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजापुर क्षेत्र के भटरी गांव का निवासी शिवशंकर शुक्ला (26) सरधुवा के विद्युत पावर हाउस में संविदा पर लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। बीते शुक्रवार की रात वह घर से शौच जाने की बात कहकर निकला और इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों के तलाशने पर शनिवार को उसका शव एक पेड़ से लटकते हुए मिला। इसकी खबर मिलने पर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि सरधुवा थाने में तैनात उपनिरीक्षक द्वारा उनके पुत्र को धमकाया जा रहा था। धमकी की फोन रिकार्डिंग भी है। जिसके बाद पुलिस


अधिकारियों ने न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। यहां से शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया। जिसके बाद रविवार को पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के परिजनों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता धरने पर बैठ गए। परिजनों ने कहा कि आरोपी उपनिरीक्षक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराए बिना वह शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। कुछ घंटों तक धरना चलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने सरधुवा थाने के उपनिरीक्षक अजहर जमाल को लाइन हाजिर कर दिया। इसके बावजूद धरना समाप्त न होने पर अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कांत राय, उपजिलाधिकारी सदर अजय यादव, सदर तहसीलदार चन्द्रकांत तिवारी भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। अधिकारियों ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी उपनिरीक्षक की एफ.आई.आर. दर्ज कराकर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। इस मौके पर पहाड़ी ब्लाक प्रमुख सुशील द्विवेदी, भाजपा नेता जगदीश गौतम, देव त्रिपाठी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष हीरो मिश्रा, कौंग्रेस नेता बराती लाल पाण्डेय, चन्द्रिका पाण्डेय सोनू आदि मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages