चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार को जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें डीएम ने लम्बित कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि विगत माह आयोजित बैठक के बाद जनपद में 14 गांवों में नियमित जलापूर्ति, 27 गांवों में शत-प्रतिशत रोड रेस्टोरेशन और 13 गांवों का हर घर जल प्रमाणीकरण कार्य पूरा किया गया। इस प्रकार अब तक जिले के कुल 414 गांवों के सापेक्ष 328 गांवों में नियमित जलापूर्ति, 335 गांवों में रोड रेस्टोरेशन तथा 227 गांवों का हर घर जल प्रमाणीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं एलएंडटी, जीवीपीआर और रेट्रोफिटिंग परियोजनाओं को निर्देश दिए कि
योजना के तहत पाइप लाइन, हाउस कनेक्शन, स्काडा ऑटोमेशन, नियमित जलापूर्ति और हर घर जल प्रमाणीकरण के अवशेष कार्य प्रस्तुत माइक्रोप्लान के अनुसार समयबद्ध पूर्ण किए जाएं। उन्होंने अधिशासी अभियंता (विध्या) जल निगम को निर्देश दिए कि विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए सभी सीडब्ल्यूआर पर पर्याप्त पेयजल आपूर्ति के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों को अपनी पेयजल समस्याओं के समाधान या किसी भी जानकारी के लिए ‘जल सारथी’ ऐप और वेबसाइट पर सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस पर शिकायत दर्ज कर लोग तत्काल समाधान प्राप्त कर सकते हैं। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) स्वप्निल यादव, अधिशासी अभियंता खंड कार्यालय (सिविल/विद्युत यांत्रिक), उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) और समस्त कार्यदायी फर्में मौजूद रहीं।


No comments:
Post a Comment