दामाद ने साथियों के साथ मिलकर की सास की निर्मम हत्या, प्रेम विवाह का विरोध बना वजह - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, July 12, 2026

दामाद ने साथियों के साथ मिलकर की सास की निर्मम हत्या, प्रेम विवाह का विरोध बना वजह

बबेरू /बांदा, के एस दुबे । बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव में शनिवार की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अपनी सास की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रविवार सुबह तक तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव निवासी मृतका बानो खातून (45 वर्ष) पत्नी राजू खान की बेटी आलिया खातून ने गांव के ही लवकुश (24 वर्ष) पुत्र लक्ष्मी वर्मा के साथ करीब एक वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। मृतका अपनी बेटी के इस विवाह का लगातार विरोध कर रही थी।


यही रंजिश हत्या की मुख्य वजह बनी। मृतका कि बेटी ने आरोप लगाया कि  शनिवार रात लवकुश अपने दो साथियों सत्तू और छोटेलाल (पुत्रगण जगदेव) सास के पास पहुंचा वहां तीनों ने मिलकर बानो खातून पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान मौके पर मौजूद मृतका की पुत्री (आरोपी की पत्नी) आलिया खातून ने शोर मचाया तो आरोपियों ने उसे भी मारने का प्रयास किया, लेकिन वह जान बचाकर वहां से भागने में सफल रही।

घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर देर रात ही पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज, बांदा भेज दिया। मृतका की पुत्री आलिया की तहरीर पर पुलिस ने पति लवकुश और उसके दो साथियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी सौरभ सिंह ने  बताया कि जांच में प्रेम विवाह का विरोध ही हत्या का कारण निकलकर सामने आया है। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी कार्यवाही पूरी करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages