उच्चस्तरीय जांच के लिए डीएम को सौंपा ज्ञापन
बांदा, के एस दुबे । जनता दल (यूनाइटेड) के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिला अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ पिंकी प्रजापति के नेतृत्व में जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर नगर पंचायत तिंदवारी में व्याप्त भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं और जनसमस्याओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से जदयू ने आरोप लगाया कि तिंदवारी नगर पंचायत में अराजकता और भ्रष्टाचार का बोलबाला है, जिससे आम जनता त्रस्त है। संगठन ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर पारदर्शी जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
कबीर नगर में श्मशान घाट के पास तथा अच्छे लाल बाल्मीकि वाले रास्ते का निर्माण तत्काल कराया जाए। नगर पंचायत कार्यालय के सामने वर्ष 2024 में उद्घाटित रास्ता आज तक अधूरा पड़ा है, जिसे शीघ्र पूरा कराया जाए। पिछले 3 वर्षों में हुए सभी निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच हो तथा एक माह में ध्वस्त हुए नालों की टेक्निकल ऑडिट सेल से जांच कराई जाए।श्मशान घाट की बाउंड्रीवाल और बुधन तालाब निर्माण की गुणवत्ता की जांच हो।
आरोप है कि चेयरमैन प्रतिनिधि द्वारा अपने चहेतों को नगर पंचायत फंड से अवैध वेतन दिया जा रहा है और सुमेरपुर में भ्रष्टाचार के पैसों से निजी फैक्ट्री बनवाई जा रही है। सफाई कर्मियों से मूल कार्य कराने के बजाय ईंट-गारा ढुलवाया जा रहा है, जिससे पूरे नगर में गंदगी का साम्राज्य है। नगर में घूम रहे आवारा गोवंशों को पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित किया जाए।राम नगर में पानी की टंकी के पास युवाओं के लिए खेल का मैदान, आधुनिक लाइब्रेरी और पुराने कार्यालय परिसर में अध्ययन केंद्र बनाया जाए। भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवाओं को दबंगों द्वारा धमकियां दी जा रही हैं। वहीं, सब्जी मंडी में गरीब दुकानदारों को नोटिस देकर उजाड़ने की धमकी दी जा रही है।
नगर पंचायत तिंदवारी में हो रहे भ्रष्टाचार से आम जनता का विकास पूरी तरह बाधित हो चुका है। हमने जिलाधिकारी से मांग की है कि सभी बिंदुओं पर निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके।ज्ञापन सौंपने के दौरान सौरभ, शशिकांत, रवि, सत्यम, दुर्गेश शर्मा, रमेश गुप्ता, आशा देवी सहित पार्टी के कई प्रमुख कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment