फूलन देवी को याद कर सपा ने दी श्रद्धांजलि - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, July 25, 2026

फूलन देवी को याद कर सपा ने दी श्रद्धांजलि

नेताओं ने उनके संघर्ष व सामाजिक न्याय की विरासत को किया नमन

फतेहपुर, मो शमशाद । समाजवादी पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार पूर्व सांसद एवं वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई तथा एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक न्याय के प्रति उनके योगदान और राजनीतिक यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने फूलन देवी को बीहड़ से निकालकर देश की सबसे बड़ी पंचायत संसद तक दो बार पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया।

पूर्व सांसद के चित्र पर पुष्प अर्पित करते सपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव। 

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी नेताजी के पदचिह्नों पर चलते हुए फूलन देवी की बहन रुक्मिणी देवी निषाद को समाजवादी महिला सभा का प्रदेश अध्यक्ष बनाकर सामाजिक न्याय और सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव चैधरी मंजर यार ने किया। इस दौरान पूर्व सांसद डॉ. अशोक पटेल, सदर विधायक चंद्र प्रकाश लोधी, हुसैनगंज विधायक ऊषा मौर्य, नगर पालिका चेयरमैन एडवोकेट राजकुमार मौर्य, पूर्व अध्यक्ष दलजीत निषाद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने फूलन देवी के संघर्ष, साहस और वंचित समाज के अधिकारों के लिए किए गए उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से कार्यक्रम में संगठनात्मक एकजुटता भी देखने को मिली।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages