चित्रकूट, के एस दुबे : कस्बा मऊ के व्यापारी की पुत्री दक्षिता केशरवानी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) में शानदार सफलता हासिल की है। उन्होंने 639 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 2382 हासिल की है। बेटी की इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। दक्षिता तीन बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा मऊ कस्बे में हासिल की, इसके बाद जवाहर नवोदय विद्यालय, मानिकपुर से पढ़ाई पूरी की। दक्षिता ने बताया कि बचपन से ही उन्होंने अपने बाबा मैकूलाल केशरवानी की इच्छा को साकार करने और डॉक्टर बनने का सपना संजोया था। उसी दिशा में लगातार मेहनत करते हुए यह मुकाम हासिल किया। उनकी माता
गृहिणी हैं, जबकि बड़ी बहन अनुराधा अमेरिका में न्यूरोलॉजी में पीएचडी कर रही हैं। परिवार के शैक्षणिक माहौल और अपनी लगन के दम पर दक्षिता ने यह सफलता अर्जित की है। दक्षिता ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार, शिक्षकों और शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही बड़ी से बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है। उनकी उपलब्धि पर परिवारजनों, शिक्षकों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने बधाई दी है। बताया जा रहा है कि दक्षिता की सफलता ने जवाहर नवोदय विद्यालय, मानिकपुर और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।


No comments:
Post a Comment