बबेरू/बांदा, के एस दुबे । कोतवाली क्षेत्र के सिमौनी गांव में गुरुवार को उस समय मातम पसर गया, जब फल्लू यादव के 3 माह के दुधमुंहे बेटे सत्यम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्चे की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा है।मृतक बच्चे के चाचा मुन्ना यादव ने बताया कि बुधवार को बच्चे को वैक्सीन (टीकाकरण) लगाई गई थी। टीकाकरण के बाद बच्चा दिन भर सामान्य था और हंसता-खेलता रहा। हालांकि, रात में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मृत्यु हो गई।
परिजनों ने आनन-फानन में गुरुवार की सुबह बच्चे को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों में इस बात को लेकर संशय बना हुआ है कि बच्चे की मृत्यु टीकाकरण के कारण हुई है या फिर रात में किसी जहरीले कीड़े के काटने से। इस रहस्य से पर्दा उठाने के लिए परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया है। सूचना मिलते ही बबेरू कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी हाउस मे करवाया है, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।


No comments:
Post a Comment