जनसुनवाई कर श्रावण मास की तैयारियों का लिया जायजा
बांदा, के एस दुबे । अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज द्वारा रविवार को थाना कालिंजर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के अभिलेखों व रजिस्टरों का बारकी से अवलोकन किया और उन्हें अद्यतन रखने के कड़े निर्देश दिए। एएसपी ने थानाध्यक्ष से क्षेत्र के आपराधिक ग्राफ की जानकारी ली और अपराध नियंत्रण के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। रात्रि के समय जिन स्थानों पर आपराधिक घटनाएं अधिक होने की संभावना रहती है, उन्हें चिन्हित कर पुलिस की लगातार गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जनसुनवाई के दौरान
फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए एएसपी ने पीड़ितों की शिकायतों का तत्काल और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। आगामी श्रावण माह के दृष्टिगत कालिंजर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। एएसपी ने संबंधित अधिकारियों को यातायात व सुरक्षा के कड़े इंतजाम रखने के निर्देश दिए। इसके पश्चात एएसपी बांदा ने प्रसिद्ध कालिंजर दुर्ग स्थित नीलकंठ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के साथ मिलकर हरीसंकरी का पौधारोपण किया। इस दौरान पीपल, बरगद व अन्य छायादार एवं औषधीय पौधे रोपे गए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर को हरा-भरा रखने का आह्वान किया।


No comments:
Post a Comment