बीस दिनों से दो सौ घर अंधेरे में, जले ट्रांसफॉर्मर से ग्रामीण बेहाल - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, July 3, 2026

बीस दिनों से दो सौ घर अंधेरे में, जले ट्रांसफॉर्मर से ग्रामीण बेहाल

बिजली विभाग के खिलाफ फूटा आक्रोश

विजयीपुर, फतेहपुर, मो शमशाद । किशनपुर विद्युत उपकेंद्र के अमनी फीडर अंतर्गत ग्राम सधुवापुर में ट्रांसफॉर्मर जल जाने से करीब 20 दिनों से 200 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। भीषण गर्मी और उमस के बीच ग्रामीण अंधेरे में जीवनयापन करने को मजबूर हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान न होने से ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शीघ्र नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

खराब पड़े ट्रांसफार्मर का दृश्य।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 20 दिनों से बिजली न होने के कारण पेयजल संकट गहरा गया है। घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों के दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत हेल्पलाइन, संबंधित अवर अभियंता और किशनपुर विद्युत उपकेंद्र पर कई बार शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। ग्रामीण संजय कुमार, सुखेंद्र, मोतीलाल यादव, सुदेश कुमार, नरसिंह, रामकरण, अमन सिंह, कैलाश, फूलमती, रचना देवी, कैलासिया सहित दर्जनों लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो उन्हें आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ग्रामीणों ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम वाराणसी के उच्च अधिकारियों से भी शिकायत कर तत्काल 63 केवी क्षमता का ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं मामले में किशनपुर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता नुसरत अली ने बताया कि सूचना मिलने पर पहले 25 केवी का ट्रांसफॉर्मर लगाया गया था, लेकिन क्षेत्र में अत्यधिक विद्युत भार होने के कारण वह भी जल गया। गांव की आवश्यकता को देखते हुए 63 केवी क्षमता का ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराने के लिए उच्च अधिकारियों को मांग भेज दी गई है। ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध होते ही अगले दो से तीन दिनों के भीतर विद्युत आपूर्ति सुचारु करा दी जाएगी। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages