यादों का असर नहीं बदलता... - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, July 3, 2026

यादों का असर नहीं बदलता...

जनपद न्यायालय में 4 कर्मचारियों को मिली गरिमामय विदाई

बांदा, के एस दुबे । जनपद न्यायालय परिसर में सेवानिवृत्त हो रहे चार वरिष्ठ कर्मचारियों के सम्मान में एक बेहद गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। अपने दीर्घ, उत्कृष्ट और समर्पित सेवाकाल को पूरा कर सेवानिवृत्त हुए मुन्नीलाल वर्मा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी,केशन प्रसाद अपर अभिलेखपाल, रियाजुल हक स्टेनोग्राफर एवं निर्भान सिंह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को इस मौके पर सम्मानित कर विदा किया गया। कार्यक्रम में न्यायालय के समस्त न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती अल्पना ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में चन्द्रपाल विशेष न्यायाधीश, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और प्रवीण कुमार प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मंच पर उपस्थित रहे। समारोह का कुशल संचालन जितेन्द्र कुमार ने किया। उन्होंने भावुक कर देने वाले अंदाज में चारों कर्मचारियों की कर्मनिष्ठा, ईमानदारी और कनिष्ठों के प्रति उनके मार्गदर्शक रवैये की सराहना की। उन्होंने सुंदर पंक्तियों के माध्यम से अपनी बात रखी मंज़िलें बदल जाती हैं, सफ़र नहीं बदलता, रिश्तों का अपनापन और यादों का असर नहीं बदलता। विशेष न्यायाधीश (एस.सी./एस.टी. अधिनियम) माननीय डॉ. विकास श्रीवास्तव ने भी कर्मचारियों की अनुकरणीय सेवाओं की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती अल्पना ने कहा कि सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन की समाप्ति नहीं, बल्कि एक नए चरण की शुरुआत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी सेवानिवृत्त कर्मचारी अब अपने परिवार, समाज और सामाजिक दायित्वों का भी उसी समर्पण और उत्साह के साथ निर्वहन करेंगे, जैसा उन्होंने सेवाकाल में किया।

अपने अनुभव साझा करते हुए सेवानिवृत्त मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मुन्नीलाल वर्मा भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि मैं जीवनभर भगवान बुद्ध एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और आदर्शों से प्रेरित रहा हूँ। जीवन में जो भी सम्मान और उपलब्धियां मिली हैं, उनमें इन महापुरुषों की शिक्षाओं का बड़ा योगदान है।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों द्वारा चारों सेवानिवृत्त साथियों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर, स्मृति-चिह्न और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। कर्मचारियों को विदाई देने वालों में कर्मचारी संघों के पदाधिकारी भी आगे रहे। अखिलेश प्रकाश (अध्यक्ष, सिविल कोर्ट कर्मचारी संघ),धीरज निगम (अध्यक्ष, स्टेनोग्राफर संघ),मनोज वर्मा (अध्यक्ष, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ) इसके अलावा उप अभिलेख अधीक्षक व पूर्व महासचिव रऊब आलम, मोतीलाल, मनोज जैन, शिवम आर्या और सुरेश प्रसाद दीक्षित सहित तमाम न्यायिक अधिकारियों व कर्मचारियों ने सभी का माल्यार्पण कर उनके सुखमय, सम्मानपूर्ण और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। पूरा समारोह बेहद सौहार्दपूर्ण और भावुक वातावरण में संपन्न हुआ।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages