बबेरू/बांदा, के एस दुबे । मरका थाना क्षेत्र अंतर्गत इंगुवा गांव के मंगलहा डेरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 20 वर्षीय नव विवाहिता ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, वहीं मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंगुवा गांव के मंगलहा डेरा निवासी गोरेलाल निषाद की पत्नी प्रभावती 20 वर्ष का शव बुधवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मरका थाना पुलिस
और नायब तहसीलदार रजोले प्रसाद तत्काल मौके पर पहुँचे। अधिकारियों की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई और देर रात्रि ही शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज बांदा भेज दिया गया, जिसका गुरुवार दोपहर को पोस्टमार्टम कि कार्यवाही कराई गयी हैँ।
मायके पक्ष कि मृतका की माँ शिवकलिया देवी, भाभी गोमती देवी और चचेरे भाई अरुण कुमार ने रो-रो कर अपनी आपबीती सुनाई। परिजनों ने बताया कि प्रभावती की शादी इसी साल 13 मई 2026 को इंगुवा गांव के मंगलहा डेरा निवासी गोरेलाल निषाद के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे मारते-पीटते थे, जिससे परेशान होकर वह पहले भी मायके चली आई थी। घटना से एक सप्ताह पहले पति गोरेलाल और उसका बहनोई उसे लेने आए थे। काफी बातचीत और अच्छे से रखने के आश्वासन के बाद ही उसे ससुराल भेजा गया था। मायके वालों का आरोप है कि घटना से ठीक पहले प्रभावती ने फोन पर अपनी दीदी से बात की थी, जिसके बाद उसका मोबाइल छीन लिया गया, और उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद ससुराल पक्ष ने उन्हें फोन पर आत्महत्या करने की झूठी सूचना दी। वही मरका थानाध्यक्ष का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष की ओर से तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से मृतका के मायके पक्ष के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।


No comments:
Post a Comment