उन्नाव के लोकनगर में करंट से गाय की मौत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, July 12, 2026

उन्नाव के लोकनगर में करंट से गाय की मौत

बिजली विभाग की लापरवाही पर लोगों का फूटा गुस्सा, जांच की मांग

देवेश प्रताप सिंह राठौर

उत्तर प्रदेश, उन्नाव । लोकनगर मोहल्ले में रविवार सुबह 5 बजे बिजली के करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के दौरान एक विद्युत लाइन में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से गाय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और बिजली विभाग की कथित लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि लोकनगर में लंबे समय से खुले बिजली के तार और जर्जर विद्युत व्यवस्था एक गंभीर खतरा बनी हुई है। उनका कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद विभाग ने केवल औपचारिकता पूरी की और समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी बारिश के मौसम में तारों में करंट उतरने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।


नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण मिश्रा 'भानू' ने बताया कि खुले तारों की समस्या के बारे में बिजली विभाग को पहले भी सूचित किया गया था। उन्होंने तारों की टेपिंग और आवश्यक मरम्मत की मांग की थी। मिश्रा ने कहा कि बारिश में खुले तारों में करंट आने से ऐसी दुर्घटनाएं होती हैं। घटना के बाद नगर पालिका ने मृत गाय को मौके से हटवाने की व्यवस्था की। पशुपालन अधिकारी विनोद कुमार ने इस मामले की जानकारी मिलने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों से बात कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और यह भी जांच की जाएगी कि इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली विभाग ने समय रहते जर्जर तारों और विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया, तो भविष्य में किसी इंसान की जान भी जा सकती है। नागरिकों ने जिलाधिकारी से इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा पूरे क्षेत्र में विद्युत लाइनों की तत्काल जांच कराने की मांग की है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages