चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : कर्वी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत चकला राजरानी गांव के निवासी दिलीप कुमार सिंह ने डीआईजी को लिखे पत्र में कहा है कि बीती 26 जून को गांव के ही मूलचन्द्र, खेमराज, हेमराज, संदीप, तुलसीदास, विद्यासागर, होरीलाल, रोहित, केशव प्रसाद, राकेश आदि ने रात लगभग 12 बजे उसके घर पर धावा मार दिया। साथ ही घर की महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए सोने की जंजीर खीच ली। शोरगुल सुनकर घर में मौजूद राहुल दीपक व रोशन बाहर निकले, तो हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीटा। साथ ही रोशन को हेमराज व मूलचन्द्र बाहर घसीट ले गए और सर पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह मौके पर बेहोश हो गया। अस्पताल ले जाने पर
चिकित्सकों ने गंभीर हालते के चलते उसे रेफर कर दिया। इसी प्रकार हमलावरों की पिटाई से दीपक व मनीष भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने उनकी भाभी संतोषी देवी के कमरे से तीन लाख रुपये भी निकाल लिए। इसकी सूचना डाॅयल 112 को दिए जाने पर मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर हमलावर फरार हो गए। इलाकाई पुलिस को सूचना दिए जाने पर मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले को रफादफा कर दिया गया। पीड़ित ने मामले में जानलेवा हमले व लूटपाट की धाराएं दर्ज कराते हुए आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।


No comments:
Post a Comment