रोलर स्केटिंग में जीते दो शानदार स्वर्ण पदक
बांदा, के एस दुबे । सपनों की कोई सीमा नहीं होती... इसे सच कर दिखाया है बांदा जिले की होनहार और प्रतिभावान बेटी शार्वी पांडे ने। नेपाल में आयोजित नेपाल इंटरनेशनल चौंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शार्वी ने रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीतकर न सिर्फ देश का, बल्कि पूरे बुंदेलखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर रोशन किया है। शार्वी पांडे, नरैनी तहसील के ग्राम पंचायत तरखरी के निवासी विकास कुमार पांडे की पुत्री हैं। भारत, नेपाल, भूटान, श्रीलंका और दुबई जैसे देशों के दिग्गज खिलाड़ियों की भागीदारी वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शार्वी ने 10-12 वर्ष बालिका वर्ग में हिस्सा लिया था। मैदान पर उतरकर शार्वी ने 500 मीटर और 1000 मीटर रेस, दोनों ही स्पर्धाओं में अपनी शानदार गति, गजब के संतुलन और आत्मविश्वास
का बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने दोनों रेस में प्रथम स्थान हासिल कर दो स्वर्ण पदक घ्घ्घ्घ् अपने नाम किए। अंतरराष्ट्रीय मंच पर जब विजेता के रूप में शार्वी के नाम की घोषणा हुई और भारत का तिरंगा शान से लहराया, तो वह पल वहां मौजूद हर भारतीय के लिए गर्व से सीना चौड़ा करने वाला क्षण बन गया। बुंदेलखंड की माटी से निकली इस बेटी ने साबित कर दिया कि अगर लक्ष्य साफ हो, मेहनत ईमानदार हो और परिवार का संबल मिले, तो सीमित संसाधनों में भी इतिहास रचा जा सकता है। शार्वी की इस ऐतिहासिक सफलता पर उनके परिजनों, कोच और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। सभी ने बधाई देते हुए कहा कि यह तो बस शुरुआत है, आने वाले समय में शार्वी वैश्विक स्तर पर देश के लिए नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।


No comments:
Post a Comment