बांदा, के एस दुबे । बुंदेलखंड में मानसून की दस्तक के साथ ही किसानों के सामने खाद का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। जनपद बांदा में डीएपी, एनपीके और यूरिया खाद की भारी किल्लत को लेकर जनता दल ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। जेडीयू की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने चित्रकूटधाम मंडल के मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने और सुचारु वितरण की तत्काल मांग की है।मंडलायुक्त को सौंपे गए ज्ञापन में शालिनी सिंह पटेल ने जिले की बदहाल जमीनी हकीकत को उजागर किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किसानों को बुवाई और
खेती के लिए आवश्यक खाद समय पर नहीं मिल पा रही है। अन्नदाता सुबह से लेकर शाम तक सहकारी समितियों और खाद बिक्री केंद्रों पर घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहने को मजबूर है, इसके बावजूद उन्हें खाद नसीब नहीं हो रही है। हाल ही में ग्राम पंचायत साथी स्थित सहकारी समिति का एक वीडियो सामने आया है, जो बेहद शर्मनाक है। खाद वितरण के दौरान वहां भारी भीड़, घोर अव्यवस्था, धक्का-मुक्की और आपस में मारपीट जैसी स्थिति दिखाई दी। इसके अलावा ग्राम पंचायत पल्हरी सहित दर्जनों गांवों से लगातार किसान शिकायतें कर रहे हैं कि समय पर खाद न मिलने से उनकी बुवाई का काम पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
जेडीयू नेता ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि किसान इस देश का अन्नदाता है। यदि उसे फसल की बुवाई के मुख्य समय पर ही खाद उपलब्ध नहीं होगी, तो सीधे तौर पर फसल उत्पादन प्रभावित होगा। इसका सीधा असर किसानों की आर्थिक स्थिति और देश के खाद्यान्न भंडार पर पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से किसानों की इस बुनियादी समस्या को गंभीरता से लेने की अपील की। किसानों के हक में दी गई इस दस्तक के दौरान जेडीयू महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष पिंकी प्रजापति एवं नगर अध्यक्ष शुभांशी गुप्ता भी मुख्य रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने भी किसानों के हित में शीघ्र और ठोस प्रशासनिक कार्रवाई किए जाने की मांग का पुरजोर समर्थन किया।


No comments:
Post a Comment