नियमों का उल्लंघन करने वालों पर यातायात पुलिस का चला चाबुक
बांदा, के एस दुबे । जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में शुक्रवार को यातायात पुलिस ने जिले के विभिन्न मार्गों पर स्कूली वाहनों के खिलाफ एक सघन जांच और जागरूकता अभियान चलाया। इस अचानक हुई कार्रवाई से नियम विरुद्ध दौड़ रहे वाहन स्वामियों और चालकों में हड़कंप मच गया।
यह विशेष अभियान क्षेत्राधिकारी सौरभ सिंह के कुशल नेतृत्व में चलाया गया। चेकिंग के दौरान यातायात प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह, टीएसआई निहाल सिंह ने अपनी पूरी टीम के साथ मोर्चा संभाला। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए विभिन्न स्कूलों की बसों, वैन और ऑटो को रोककर उनके सुरक्षा मानकों को बारीकी से परखा। जांच के दौरान टीम ने वाहन चालकों के पास उपलब्ध दस्तावेजों और वाहनों की फिटनेस की स्थिति का निरीक्षण किया। तथा अन्य जरूरी तकनीकी व सुरक्षा मानक पूरे नहीं मिले, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत तत्काल चालानी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के साथ-साथ यातायात पुलिस ने एक सराहनीय जागरूकता पहल भी की। यातायात प्रभारी ने वाहन चालकों और परिचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी दशा में वाहनों के भीतर निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी संचालक को बख्शा नहीं जाएगा। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही हमारी सबसे पहली जिम्मेदारी है। भविष्य में यदि कोई भी वाहन स्वामी यातायात नियमों या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार बेहद कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।यातायात पुलिस की इस मुहिम की अभिभावकों ने भी सराहना की है, क्योंकि मानसून के इस मौसम में बच्चों की सुरक्षित स्कूल यात्रा बेहद जरूरी है।


No comments:
Post a Comment