सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम-एसपी ने की मासिक समीक्षा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, July 22, 2026

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम-एसपी ने की मासिक समीक्षा

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर बुधवार को कलेक्टरेट सभागार में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग व पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया कि जून 2025 की तुलना में जून 2026 में मृतकों की संख्या में करीब 15 प्रतिशत की कमी आई है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम पुलकित गर्ग ने बताया कि जून 2025 में जिले में 217 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जो जून 2026 में घटकर 183 रह गईं। साथ ही मृतकों की संख्या 117 से घटकर 104 तथा घायलों की संख्या 212 से घटकर 155 पहुंच गई है। समीक्षा में बताया गया कि जनपद में इस वर्ष 17 ब्लैक स्पॉट और अन्य जिला मार्ग (ओडीआर) पर दो ब्लैक स्पॉट सहित कुल 19 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। डीएम


ने इन सभी स्थलों पर स्पीड कंट्रोल, रंबल स्ट्रिप और चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को कराए गए कार्यों का फोटो सहित विवरण उपलब्ध कराने को कहा। पुरानी कोतवाली चैराहा को दुर्घटना संभावित स्थल बताते हुए एनएच-35 के अधिकारियों को वहां डिवाइडर निर्माण की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। तब तक अस्थायी रूप से स्पीड ब्रेकर और रंबल स्ट्रिप लगवाने को कहा गया। साथ ही पुलिस लाइन से शंभू पेट्रोल पंप तक सड़क को गड्ढामुक्त कराने और खोह से भंवरी तक बने डिवाइडरों की मरम्मत के आदेश दिए गए।


समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में मोबाइल रडार के माध्यम से बिना हेलमेट वाहन चलाने पर करीब 32 हजार चालान किए गए हैं और अब तक कुल 102 ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त हो चुके हैं। तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई के सम्बन्ध में यात्री एवं मालकर अधिकारी ने बताया कि मोटरयान अधिनियम की धारा-19 के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। डीएम ने जनवरी 2026 से अब तक तेज गति और लापरवाही से हुई मौतों के प्रकरणों की सूची तलब की तथा दोषी वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए। वाहनों की फिटनेस की समीक्षा में बताया गया कि 44 वाहनों की फिटनेस समाप्त घोषित की गई है। अब तक 305 विद्यालयी वाहनों की फिटनेस संतोषजनक पाई गई है तथा शेष वाहनों की जांच एवं कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। इस पर डीएम ने विद्यालय संचालकों को केवल वैध फिटनेस वाले वाहन ही चलाने के निर्देश दिए और 15 वर्ष से पुराने विद्यालयी वाहनों को कंडम घोषित करने के आदेश दिए। डीएम ने बैठक में राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को शासन द्वारा 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। बताया कि जनपद में इस योजना के तहत पवन कुमार मिश्रा का नाम चिन्हित किया गया है। डीएम ने जनपदवासियों से घायलों की मदद के लिए आगे आने की अपील की। इस मौके पर सीएमओ डॉ. महेंद्र त्रिपाठी, यात्री एवं मालकर अधिकारी दीप्ति त्रिपाठी सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages