बांदा, के एस दुबे । जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चिल्ला पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जेल में बंद आरोपियों की जमानत कराने वाले गैंग के सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के अभियान के दौरान थाना चिल्ला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शिवस्वरूप उर्फ मास्टर पुत्र शिवलाल, निवासी ग्राम भिडौरा थाना तिंदवारी (हाल पता इन्द्रानगर, कोतवाली नगर, बांदा) को इन्द्रानगर
क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से एक ही खतौनी का उपयोग कर कूटरचित दस्तावेज तैयार करता था। इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जेल में बंद अभियुक्तों की जमानत कराकर अनुचित आर्थिक लाभ अर्जित किया जाता था। इस मामले में थाना तिंदवारी में गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है और आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मारपीट, कूटरचना, धोखाधड़ी तथा गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना चिल्ला के प्रभारी निरीक्षक आनन्द कुमार साहु, कांस्टेबल सचिन कुमार, कौशल तथा महिला कांस्टेबल हेमलता शामिल रहीं।


No comments:
Post a Comment