बरसात में तालाब बनी मंडी, जलभराव से किसान-व्यापारी परेशान - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, July 28, 2026

बरसात में तालाब बनी मंडी, जलभराव से किसान-व्यापारी परेशान

अमौली, फतेहपुर, मो शमशाद । अमौली कृषि उत्पादन मंडी समिति में हल्की बारिश के बाद ही जलभराव की गंभीर समस्या सामने आ गई है। मंडी के मुख्य द्वार से लेकर अंदर तक पानी भर जाने से पूरा प्रवेश मार्ग तालाब जैसा दिखाई देने लगा है। मंडी आने वाले किसानों, व्यापारियों और ग्राहकों को गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है बल्कि स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ गए हैं। वहीं सब्जी खरीदने पहुंचे लोगों को कीचड़ और गंदगी के बीच खरीदारी करने को मजबूर होना पड़ रहा है।

 मंडी में जलभराव का दृश्य।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि मंडी में जलभराव की समस्या कोई नई नहीं है। बिना बारिश के भी कई स्थानों पर गंदा पानी जमा रहता है, जबकि बारिश होने पर स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। उनका आरोप है कि इस संबंध में मंडी समिति के अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायतें देकर स्थायी समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। बारिश के बाद मंडी परिसर में जलभराव बढ़ने से किसानों को अपनी उपज लाने और व्यापारियों को माल के आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने मंडी समिति प्रबंधक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं कराई जाती, जिसके कारण हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है। किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मंडी परिसर की जल निकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि बरसात के दिनों में मंडी आने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े और मंडी की बदहाल व्यवस्था में सुधार हो सके।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages