आदर्श व्यापार मंडल ने कैंसर पीड़ित के उपचार हेतु बढ़ाया मदद का हाथ - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, July 29, 2026

आदर्श व्यापार मंडल ने कैंसर पीड़ित के उपचार हेतु बढ़ाया मदद का हाथ

आर्थिक सहयोग देकर दिया हरसंभव साथ का भरोसा

फतेहपुर, मो शमशाद । आदर्श व्यापार मंडल (गर्ग गुट) ने एक बार फिर सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए संगठन की महिला जिला उपाध्यक्ष पल्लवी वर्मा के परिवार की आर्थिक सहायता के लिए संवेदनशील पहल की। पल्लवी वर्मा के पति पिछले कई वर्षों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और उनका उपचार कानपुर के कैंसर अस्पताल में चल रहा है। लंबे समय से इलाज के कारण परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है।

कैंसर पीड़ित की पत्नी को आर्थिक सहायता देते गर्ग गुट के पदाधिकारी।

पल्लवी वर्मा ने अपनी समस्या से संगठन की महिला जिला अध्यक्ष शालिनी गुप्ता को अवगत कराया और आर्थिक सहयोग की आवश्यकता बताई। इसके बाद शालिनी गुप्ता ने संगठन के जिलाध्यक्ष अभिनव यादव, जिला महामंत्री अमित शरण बॉबी (पत्रकार) तथा युवा जिलाध्यक्ष मोहम्मद इमरान को पूरे मामले की जानकारी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए आदर्श व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आपसी सहयोग से आर्थिक सहायता राशि एकत्रित कर पल्लवी वर्मा को प्रदान की। साथ ही संगठन की ओर से यह भरोसा भी दिलाया गया कि भविष्य में भी उनके पति के इलाज में जो भी आवश्यकता होगी, संगठन हरसंभव सहयोग करता रहेगा और उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। संगठन की महिला टीम ने पल्लवी वर्मा के घर पहुंचकर उन्हें आर्थिक सहायता सौंपी और उनके परिवार का हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर महिला जिलाध्यक्ष शालिनी गुप्ता, महिला जिला उपाध्यक्ष सानू गुप्ता, वंदना श्रीवास्तव सहित महिला प्रकोष्ठ की अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहीं। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करना ही संगठन का उद्देश्य है और विपरीत परिस्थितियों में एक-दूसरे का साथ देना ही सच्ची सामाजिक सेवा है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages