बांदा में कड़ी सुरक्षा के बीच यूपीटीईटी परीक्षा शुरू - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, July 2, 2026

बांदा में कड़ी सुरक्षा के बीच यूपीटीईटी परीक्षा शुरू

पहले दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई पहली पाली

बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी-2026) आज यानी 02 जुलाई 2026 से जनपद बांदा में बेहद शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में प्रारंभ हो गई है। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और पहले दिन की परीक्षा सकुशल संपन्न कराई जा रही है। यह परीक्षा आगामी 03 और 04 जुलाई 2026 को भी प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी।प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार परीक्षा दो शिफ्टों में कराई जा रही है प्रथम पाली प्रातः 09.30 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक। द्वितीय पाली अपराह्न 02.30 बजे से शाम 05.00 बजे तक। परीक्षा की शुचिता और


पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी द्वारा जिले के सभी 8 परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सतत निगरानी के चलते केंद्रों पर सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम देखने को मिले।

परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा नामित प्रेक्षक अजय कुमार सिंह (रिटायर्ड डीआईजी), जिलाधिकारी अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक बांदा पलास बंसल ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों की टीम ने पंडित जे.एन. पीजी कॉलेज तथा नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा कक्षों, प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों के जरिए हो रही निगरानी का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने तैनात कर्मचारियों को पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराने के सख्त निर्देश दिए।

बांदा जिले में यूपीटीईटी परीक्षा के लिए कुल 8 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कड़े पहरे के बीच परीक्षा आयोजित हो रही है जिनमें डी.ए.वी. इंटर कॉलेज, मर्दन नाका, बांदा, आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज, बाबूलाल चौराहा, बांदा, पंडित जे.एन. पीजी कॉलेज, बांदा, राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बांदा, नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज, बांदा जनता इंटर कॉलेज, स्टेशन रोड, खुरहंड, बांदा इंटरमीडिएट कॉलेज, तिंदवारी, बांदा खानकाह इंटर कॉलेज, जिला परिषद चौराहा, बांदा।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages