बाँदा, के एस दुबे । ग्राम मवई बुजुर्ग के किसानों को कृषि विश्वविद्यालय द्वारा अधिग्रहित भूमि का मुआवजा चार वर्ष बीत जाने के बाद भी नहीं मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव (एससी/एसटी प्रकोष्ठ) एवं बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष मुन्नालाल दिनकर ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि करीब चार वर्ष पूर्व जिला प्रशासन के निर्देश पर कृषि विश्वविद्यालय ने ग्राम मवई बुजुर्ग, तहसील सदर के किसानों की भूमि अधिग्रहित कर ली थी। शासन द्वारा मुआवजे की धनराशि जिला कोषागार में जमा करा दी गई, लेकिन आज तक किसानों को उसका भुगतान नहीं किया गया।
मुन्नालाल दिनकर का कहना है कि भूमि अधिग्रहण के समय ही किसानों को उनकी जमीन से बेदखल कर विश्वविद्यालय ने कब्जा ले लिया था। जमीन चले जाने के कारण कई किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर किसानों को उनका लंबित मुआवजा दिलाया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। ज्ञापन के साथ किसान राजाभइया पुत्र स्व. दुर्जा सहित अन्य प्रभावित किसानों का प्रार्थना-पत्र भी संलग्न किया गया है।


No comments:
Post a Comment