बांदा, के एस दुबे । ग्राम पंचायत पैलानी में प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य को लेकर समाजसेवी हरी ओम सिंह ने जिलाधिकारी बांदा को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि सड़क निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि भविष्य में ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। ज्ञापन में कहा गया है कि सड़क निर्माण से पहले सड़क की भूमि पर किए गए सभी अवैध अतिक्रमण हटाए जाएं, जिससे सड़क का निर्माण स्वीकृत चौड़ाई और शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जा सके।
उन्होंने यह भी मांग की कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले मानक के अनुसार पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाए, ताकि भविष्य में नई सड़क को खोदने की आवश्यकता न पड़े। साथ ही जल निकासी के लिए नालियों (ड्रेनेज) का निर्माण एवं उचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में सड़क के किनारे आवश्यकतानुसार विद्युत खंभों और बिजली लाइनों के स्थानांतरण अथवा स्थापना कराने की भी मांग की गई है, जिससे सड़क निर्माण में कोई बाधा उत्पन्न न हो और विद्युत आपूर्ति सुचारु बनी रहे। समाजसेवी हरी ओम सिंह ने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सड़क के दोनों ओर छायादार एवं उपयोगी पौधों का वृक्षारोपण कराने तथा उनके संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
उन्होंने कहा कि यदि इन बुनियादी कार्यों को पूरा किए बिना सड़क का निर्माण कराया गया तो भविष्य में जल निकासी, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था और आवागमन जैसी आवश्यक सुविधाएं प्रभावित होंगी, जिससे आम जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा और सरकारी धन का भी दुरुपयोग होगा। ज्ञापन में जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर स्थलीय निरीक्षण कराया जाए तथा सड़क निर्माण प्रारंभ होने से पहले अतिक्रमण हटाने, पेयजल पाइपलाइन, विद्युत व्यवस्था, वृक्षारोपण और अन्य सभी कार्य शासन द्वारा निर्धारित गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए जाएं।


No comments:
Post a Comment