बांदा, के एस दुबे । सीमित संसाधनों में बड़े सपने देखने वाले किसान के बेटे ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर ऐसा मुकाम हासिल किया है,जिस पर पूरे बांदा जिले को गर्व है।अतर्रा क्षेत्र के ग्राम रीगा निवासी शैलेन्द्र कुमार ने NEET-2026 परीक्षा में 667 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक 600 तथा उत्तर प्रदेश में 183वीं रैंक प्राप्त की है।शैलेन्द्र के पिता रामनाथ किसान हैं।आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।शैलेन्द्र ने अपनी शुरुआती शिक्षा पूरी करने के बाद प्रयागराज के कर्नलगंज इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण
किया।इसके बाद उन्होंने प्रयागराज में रहकर पूरी लगन और अनुशासन के साथ NEET की तैयारी की, जिसका परिणाम आज पूरे जिले के सामने है।अपनी सफलता का श्रेय शैलेन्द्र ने अपने माता-पिता,परिवार और विशेष रूप से कर्नलगंज इंटर कॉलेज के भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता सुनील कुमार तिवारी को दिया।उन्होंने कहा कि तिवारी सर के मार्गदर्शन,प्रेरणा और निरंतर सहयोग ने उन्हें लक्ष्य तक पहुंचने का आत्मविश्वास दिया।शैलेन्द्र की इस उपलब्धि से गांव रीगा ही नहीं,पूरे अतर्रा क्षेत्र में खुशी की लहर है।ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि किसान परिवार के इस होनहार बेटे ने साबित कर दिया है कि कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और सही मार्गदर्शन के बल पर किसी भी मंजिल को हासिल किया जा सकता है।


No comments:
Post a Comment