देवेश प्रताप सिंह राठौर
उत्तर प्रदेश, झांसी - उत्तर प्रदेश शासन एवं उच्च शिक्षा निदेशालय, प्रयागराज के निर्देशों के अनुपालन में वर्ष 2026–27 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 35 करोड़ पौधे लगाने के महाअभियान के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग को 20 लाख पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में आर्य कन्या महाविद्यालय, झाँसी में प्राचार्या प्रोफेसर स्वाति भदौरिया की अध्यक्षता में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या महोदया द्वारा पौधारोपण कर किया गया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, बढ़ता तापमान, वनों की अंधाधुंध कटाई तथा प्राकृतिक संसाधनों का लगातार दोहन मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। इन समस्याओं से निजात पाने का सबसे प्रभावी उपाय अधिक से अधिक पौधारोपण करना तथा लगाए गए पौधों का संरक्षण सुनिश्चित करना है। उन्होंने छात्राओं से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. किरण सिंह ने छात्राओं को वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष हमें शुद्ध वायु, ऑक्सीजन, वर्षा संतुलन, जैव विविधता का संरक्षण तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी स्वयंसेविकाओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया, ताकि उत्तर प्रदेश सरकार के हरित अभियान को सफल बनाया जा सके। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन "एक पेड़ माँ के नाम" तथा "हरित उत्तर प्रदेश – स्वच्छ उत्तर प्रदेश" के संकल्प के साथ हुआ। यह आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार के 35 करोड़ पौधारोपण महाअभियान तथा उच्च शिक्षा विभाग के 20 लाख पौधारोपण लक्ष्य की पूर्ति की दिशा में महाविद्यालय की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय सहभागिता का प्रतीक रहा।


No comments:
Post a Comment