11000 केवी हाईटेंशन तार का इंसुलेटर फटा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, August 9, 2026

11000 केवी हाईटेंशन तार का इंसुलेटर फटा

गायत्री नगर में घर में उतरा करंट, उपकरण जलकर राख, बड़ा हादसा टला

बांदा, के एस दुबे । शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित गायत्री नगर मोहल्ले में देर रात 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर पंचर होने से एक मकान में अचानक हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। करंट की तेज लपटों से घर में रखी इलेक्ट्रिक वायरिंग और महंगे विद्युत उपकरण जलकर स्वाहा हो गए। गनीमत रही कि घटना के वक्त बारिश नहीं हो रही थी, वरना एक बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। इस भीषण दुर्घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। गौरतलब हो कि गायत्री नगर मोहल्ला निवासी सतीश व उनकी पत्नी आरती ने बताया कि रात के समय अचानक हादसा होने से पूरा घर भयभीत है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रात 2 बजे से लेकर अगले दिन


दोपहर 2 बजे तक पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप रही। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि घनी आबादी के ऊपर से गुजर रही यह 11000 केवी की लाइन लगातार मौत को दावत दे रही है। इससे पहले भी क्षेत्र में कई छोटे-बड़े विद्युत हादसे हो चुके हैं, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। हादसे के बाद जब स्थानीय लोगों का गुस्सा फूटा, तो विद्युत विभाग के अधिकारियों की ओर से संवेदनहीन बयान सामने आया। अधिकारियों का तर्क है कि बिजली की लाइन बस्ती बसने से पहले बिछाई गई थी, ऐसे में लोगों ने वहां मकान क्यों बनाए? हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग के जूनियर इंजीनियर वीके पाण्डेय ने भरोसा दिया है कि हाईटेंशन लाइन को यहां से स्थानांतरित कराने के लिए उच्च अधिकारियों को पत्राचार किया जा रहा है। हजारों की आबादी वाले इस मोहल्ले के निवासियों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर भारी जनआक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही इस हाईटेंशन लाइन को बस्ती से बाहर स्थानांतरित नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages