12 अगस्त को होगा बांदा कृषि विश्वविद्यालय का बारहवां दीक्षांत समारोह - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, August 9, 2026

12 अगस्त को होगा बांदा कृषि विश्वविद्यालय का बारहवां दीक्षांत समारोह

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी उपाधि व पदक वितरण, कृषि वैज्ञानिक डॉ. वी.वी. सदामते होंगे मुख्य अतिथि

बांदा, के एस दुबे । बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में 12 अगस्त 2026 को बारहवें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में संपन्न होगा। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कृषि प्रसार वैज्ञानिक एवं पूर्व सदस्य योजना आयोग डॉ. वी.वी. सदामते समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।


डॉ. वी.वी. सदामते संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन में प्रधान सलाहकार तथा विश्व बैंक द्वारा पोषित जलागम परियोजना में कृषि विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके अनुभव और कृषि क्षेत्र में योगदान को देखते हुए विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उनकी उपस्थिति महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

250 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां


दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के कुल 250 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें कृषि, उद्यान, वानिकी एवं सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालयों के 187 स्नातक विद्यार्थियों, 37 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों तथा 26 पीएच.डी. शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. एस.के. सिंह ने बताया कि विभिन्न पाठ्यक्रमों में मेरिट में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले स्नातक विद्यार्थियों को 6 स्वर्ण, 6 रजत और 6 कांस्य पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले एक स्नातक विद्यार्थी को कुलाधिपति पदक से सम्मानित किया जाएगा।

दीक्षांत मंच से ही प्रदान होंगी उपाधियां

कुलपति प्रो. एस.वी.एस. राजू के मार्गदर्शन में इस वर्ष एक विशेष व्यवस्था की गई है। सभी विद्यार्थियों को उपाधियां दीक्षांत मंच से ही मुख्य अतिथि द्वारा प्रदान की जाएंगी। इससे समारोह की गरिमा और विद्यार्थियों के लिए इस महत्वपूर्ण अवसर की यादगार अनुभूति और बढ़ेगी।

पारंपरिक भारतीय परिधान में नजर आएंगे छात्र-छात्राएं

बारहवें दीक्षांत समारोह में छात्र-छात्राएं और शिक्षक पारंपरिक भारतीय परिधान में शामिल होंगे। छात्रों के लिए कुर्ता और पगड़ी, जबकि छात्राओं के लिए साड़ी और पगड़ी निर्धारित की गई है। दीक्षांत समारोह को भव्य एवं गरिमामय बनाने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में साफ-सफाई, सजावट और अन्य तैयारियां तेजी से चल रही हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह आयोजन विश्वविद्यालय परिवार के लिए एक ऐतिहासिक, गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी अवसर बनने जा रहा है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages