आगामी 2 सितम्बर को चलने वाले हरिशंकरी पौधरोपण अभियान की कमिश्नर ने ली बैठक - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, August 18, 2026

आगामी 2 सितम्बर को चलने वाले हरिशंकरी पौधरोपण अभियान की कमिश्नर ने ली बैठक

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : आगामी दो सितंबर को जिले की सभी ग्राम पंचायतों और वार्डों में वृहद हरिशंकरी वृक्षारोपण अभियान चलाने के सम्बन्ध में तैयारियों को लेकर मंगलवार को मंडलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल बांदा अजीत कुमार की अध्यक्षता में कलेक्टरेट सभागार में बैठक हुई। बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि हरिशंकरी पौधों को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने की योजना है। अभियान में सामाजिक संगठनों, नगर निकायों, जनप्रतिनिधियों और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि वृक्षों का धार्मिक, आध्यात्मिक, पर्यावरणीय और सामाजिक महत्व है। मोबाइल और तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच लोगों का प्रकृति से जुड़ाव बढ़ाना जरूरी है। हरिशंकरी के लाभों को लेकर व्यापक जनजागरूकता भी कराई जाए। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों को अभियान में सक्रिय सहयोग करते हुए आगामी दो सितंबर को सभी विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में वृहद स्तर पर हरिशंकरी वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए।



उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने प्राकृतिक खेती, ग्राम पंचायतों और गौशालाओं में हरिशंकरी लगाने तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने बंदरों के लिए करीब 40 फलदार पौधों से ’’बजरंग वाटिका’’ विकसित करने की योजना भी बताई। डीएम पुलकित गर्ग ने सभी बीडीओ को उपयुक्त स्थलों का चयन कर पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। कहा कि तालाबों के किनारे और अन्य खाली भूमि पर भी पौधे लगाए जाएंगे। नगर निकायों में भी स्थल चयन कर रोपण होगा। संत मदन गोपाल दास और लोक भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री गोपाल मोहन उपाध्याय ने अधिक से अधिक संगठनों और लोगों से अभियान में जुड़ने की अपील की। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्रा, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) चंद्रशेखर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. महेन्द्र त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख पहाड़ी सुशील द्विवेदी, मानिकपुर अरविंद मिश्रा, मऊ सुशीला देवी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, जिला उपाध्यक्ष आलोक पाण्डेय, नगर अध्यक्ष रवि गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages