जवानों की सटीक निशानेबाजी व दमदार फिटनेस ने दिलाई ऐतिहासिक सफलता
फतेहपुर, मो शमशाद । 29वीं अंतर्जनपदीय प्रयागराज जोन की एलार्म एफिशिएंसी रेस एवं रायफल, रिवाल्वर/पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता-2026 में फतेहपुर पुलिस के जवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद का नाम रोशन किया है। पुलिस महानिरीक्षक, प्रयागराज जोन के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में फतेहपुर पुलिस टीम ने अपनी शारीरिक दक्षता, अनुशासन, त्वरित प्रतिक्रिया, सटीक निशानेबाजी और टीम भावना का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो प्रतिष्ठित शील्ड पर कब्जा जमाकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
![]() |
| शील्ड के साथ फतेहपुर पुलिस के जवान। |
प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों की पुलिस टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें फतेहपुर के खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास और जोश के साथ प्रतिभाग किया। एलार्म एफिशिएंसी रेस में जवानों ने अपनी चुस्ती-फुर्ती और शारीरिक दक्षता का दम दिखाया, वहीं रायफल, रिवाल्वर एवं पिस्टल शूटिंग में लक्ष्य पर सटीक निशाना साधकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच शानदार तालमेल, अनुशासन और एकाग्रता के साथ प्रदर्शन करते हुए फतेहपुर पुलिस टीम ने दो शील्ड अपने नाम कर लीं। इस उपलब्धि से पुलिस महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई और फतेहपुर पुलिस का मान बढ़ा। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने विजेता खिलाड़ियों एवं टीम के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास, समर्पण, अनुशासन और बेहतर प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पुलिस के जवानों की यह उपलब्धि अन्य अधिकारी और कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायी है। दो शील्ड पर कब्जा कर फतेहपुर पुलिस ने प्रयागराज जोन की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद को गौरवान्वित किया है।


No comments:
Post a Comment