चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : 80वें स्वतंत्रता दिवस जिले में उत्साह के साथ मनाया गया। विभिन्न सरकार एवं गैर सरकारी कार्यालयों, विश्वविद्यालयों व विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में ध्वजारोहण के साथ देश के अमर शहीदों को नमन किया गया। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने स्वतंत्रता दिवस पर सबसे पहले अपने राजकीय आवास और इसके बाद कलेक्टरेट परिसर में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के बाद कलेक्टरेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और विभूतियों को नमन करते हुए जनपदवासियों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
डीएम ने कहा कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की रचना के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं और इस वर्ष का आयोजन देश की युवा ऊर्जा को समर्पित है। उन्होंने कहा कि देश में 35 वर्ष से कम आयु के करीब 80 करोड़ युवा हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण देश की प्राथमिकता है। विकसित भारत के संकल्प को रेखांकित करते हुए डीएम ने अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। कहा कि स्वस्थ मन और शरीर से ही विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है। कार्यक्रम में राजकीय बालिका इण्टर कॉलिज की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। डीएम ने छात्राओं को उपहार देकर प्रोत्साहित किया, वहीं कलेक्टरेट परिसर को स्वच्छ रखने वाले सफाई कर्मचारियों को भी शॉल व उपहार देकर सम्मानित किया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने संयुक्त जिला चिकित्सालय सोनेपुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड और वीआईपी कक्ष की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हाल जाना और फल वितरित किए। इसी क्रम में पटेल तिराहा पर ध्वजारोहण कर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चन्द्रशेखर, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरुण कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे स्वप्निल कुमार यादव सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आंतरिक सुरक्षा, कानून व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अपने कर्तव्यों का शत-प्रतिशत निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि संकल्पों में कोई कमी रह गई है तो यह आत्ममंथन का समय है। इस दौरान पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश का सिल्वर प्रशंसा चिन्ह एवं प्रमाण पत्र क्षेत्राधिकारी कार्यालय/यातायात करिश्मा गुप्ता व बहिलपुरवा थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक विवेक कुमार सिंह को मिला। इसी प्रकार यूपी-112 लखनऊ की ओर से सराहनीय कार्य और बेहतर रिस्पांस टाइम के लिए आरक्षी रविंद्र प्रताप सिंह, राजकुमार, रोहित पटेल, शिवम तिवारी, धर्मेंद्र दांगी, प्रदीप कुमार, राजेश, दीनबंधु, रोहित और गिरीश चंद्र को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। एसपी ने प्रशस्ति पत्र और पदक पाने वाले पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए इसी तरह अच्छा कार्य करते रहने की सलाह दी। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी लाइंस राज कमल, क्षेत्राधिकारी फायर यदुनाथ यादव, प्रतिसार निरीक्षक रामाशीष यादव और पीआरओ प्रदीप पाल समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय ने पुलिस कार्यालय में ध्वजारोहण कर कर्मचारियों को संबोधित किया और मिष्ठान वितरित किया। इसी प्रकार जिले के सभी थानों और चैकियों में भी प्रभारियों ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया।
जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. शिशिर कुमार पांडेय ने ध्वजारोहण कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। यह पर्व राष्ट्र की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति निष्ठा को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान और संस्कारों के माध्यम से समावेशी व सशक्त समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। दिव्यांगजनों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा देकर आत्मनिर्भर बनाना विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ विकसित, समावेशी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर कुलाधिपति जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य के निजी सचिव आरपी मिश्र, कुलसचिव मधुरेंद्र कुमार पर्वत समेत शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में कुलगुरु प्रो. आलोक चैबे ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि नानाजी देशमुख की ग्रामोदय संकल्पना को वर्तमान जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ाना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। कृषि संकाय के प्रक्षेत्र परिसर को ‘राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख परिसर’ के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा, कौशल, नवाचार और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की दिशा में काम कर रहा है।
कुलगुरु ने विश्वविद्यालय के विकास के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक, सांस्कृतिक और कौशल विकास कार्यक्रम जारी रखने की बात कही गई। साथ ही आगामी 22 और 23 अगस्त को बौद्धिक संपदा अधिकार विषय पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कार्यशाला की भी जानकारी दी। इस दौरान रेडक्रॉस सोसायटी की विश्वविद्यालय शाखा द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। इस मौके पर कुलसचिव प्रो आञ्जनेय पांडेय, अधिष्ठाता प्रो. कपिल देव मिश्रा, प्रो. एस.के. चतुर्वेदी, प्रो. देवेंद्र प्रसाद पाण्डेय, प्रो. हरिशंकर कुशवाहा, इंजी. अश्विनी दुग्गल, कार्यक्रम संयोजक डॉ संतोष कुमार अरसिया, राकेश कुमार श्रीवास्तव सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरेंद्र पाल ग्रामोदय विद्यालय में किशोर भारती और बाल भारती के नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने देशभक्ति और भारतीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान शिवरामपुर (डायट) में प्राचार्य बीके शर्मा ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद करते हुए शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी बताया गया। प्रशिक्षकों और प्रशिक्षुओं ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक राजेश उपाध्याय, प्रवक्ता नीलम यादव, अखिलेश कुमार पाण्डेय, शिवलाल सिंह यादव, मोहित सिंह आदि मौजूद रहे।



No comments:
Post a Comment