कर्बला की याद में निकला जुलूस-ए-चुप ताज़िया - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, August 16, 2026

कर्बला की याद में निकला जुलूस-ए-चुप ताज़िया

निर्धारित मार्गों पर किया भ्रमण, कर्बला पहुंचकर किया समाप्त

फतेहपुर, मो शमशाद । रविवार को शहर में मो. कसीम अब्बास एडवोकेट की कयादत में जुलूस-ए-चुप ताज़िया गमगीन माहौल और पूरी अकीदत के साथ निकाला गया। इमामबाड़ा गाह सैय्यद मोहम्मद मुख्तार नकवी, मरहूम मोहल्ला कजियाना, चूड़ी वाली गली से शुरू हुआ जुलूस अपने निर्धारित मार्ग से होता हुआ कर्बला पहुंचा, जहां धार्मिक रस्मों के बाद शाम चार बजे कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। जुलूस में शहर के विभिन्न मोहल्लों से बड़ी संख्या में ताज़ियादार, अलमदार, नोहाख्वान और अकीदतमंद शामिल हुए। अकीदतमंद तकरीर और नोहाख्वानी के जरिए कर्बला के शहीदों की कुर्बानी को याद करते नजर आए। पूरे रास्ते माहौल गमगीन और अकीदत से सराबोर रहा। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का इस्तकबाल कर कर्बला के शहीदों को खिराज-ए-अकीदत पेश की।

चुप ताजिया जुलूस में शामिल लोग।

जुलूस में ताज़िया व अलम इंतजामिया कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर शिरकत की। कमेटी के अध्यक्ष मोइन राइन चैधरी और जनरल सेक्रेटरी वारिस उद्दीन की मौजूदगी में जुलूस की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने का प्रयास किया गया। कमेटी सदस्यों ने ताज़ियादारों, अलमदारों और अकीदतमंदों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की। जुलूस की व्यवस्था में शब्बीर अहमद, सामी खां, कफील अहमद, लल्लू राईन, खुर्शीद आलम अंसारी, इस्माइल वारसी, मो. हारून, मुमताज बावर्ची, सलमान, सद्दाम, सलीम, शेरा, रियाज अहमद, निजाम व मास्टर मिस्बाहुल हक सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया। अध्यक्ष मोइन राइन चैधरी ने कहा कि जुलूस-ए-चुप ताज़िया कर्बला के शहीदों की कुर्बानी, सच्चाई, इंसाफ और इंसानियत के संदेश को याद करने का अवसर है। कर्बला हमें मुश्किल हालात में भी हक और सच्चाई का साथ देने की सीख देती है। उन्होंने कहा कि बीते 15 अगस्त को देश ने स्वतंत्रता दिवस मनाया, जो प्रत्येक नागरिक को अपने वतन के प्रति जिम्मेदारियों का एहसास कराता है। हमारा मुल्क हमारी शान है और इसकी एकता, अखंडता, अमन-चैन एवं तरक्की के लिए सभी को मिल-जुलकर काम करना चाहिए। जिला उपाध्यक्ष वारिस उद्दीन ने कहा कि कमेटी की तैयारियों और सभी के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण एवं अनुशासित माहौल में सकुशल संपन्न हुआ। उन्होंने सभी ताज़ियादारों, अलमदारों, अकीदतमंदों और प्रशासन का आभार जताया। सभी के सहयोग से जुलूस-ए-चुप ताज़िया शाम चार बजे अकीदत, अमन और अनुशासन के साथ सकुशल संपन्न हुआ।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages