चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) शिवरामपुर में प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के लिए ‘सक्षम मॉड्यूल आधारित हेड मास्टर प्रशिक्षण एवं मेंटल वेलनेस कार्यक्रम’ के द्वितीय चरण का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। शुभारंभ डायट प्राचार्य बीके शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। प्राचार्य बीके शर्मा ने कहा कि प्रधानाध्यापक प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान और कौशल का विद्यालयों में प्रभावी उपयोग करें। इससे शैक्षिक गुणवत्ता के साथ विद्यालयों में सकारात्मक वातावरण विकसित होगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रधानाध्यापकों की शैक्षिक एवं प्रशासनिक नेतृत्व क्षमता, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक समन्वय
और प्रभावी संचालन से जुड़े विषयों पर गतिविधि आधारित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रथम दिवस प्रधानाध्यापक की भूमिका एवं जिम्मेदारियों, अंतरविभागीय समन्वय, पीएम पोषण योजना, प्री-प्राइमरी शिक्षा, उपलब्ध संसाधनों के उपयोग तथा सामुदायिक सहभागिता पर चर्चा हुई। साथ ही टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर दिया गया। दूसरे दिन विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, विद्यालय प्रबंधन, हितधारकों से समन्वय और समस्याओं के समाधान से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण होगा। तीसरे दिन तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, समस्या समाधान, मानसिक स्वास्थ्य और मेंटल वेलनेस पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षण प्रभारी अखिलेश कुमार पाण्डेय, प्रवक्ता राजेश उपाध्याय सहित अन्य प्रशिक्षक प्रधानाध्यापकों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।


No comments:
Post a Comment