बबेरू/बाँदा, के एस दुबे । बाँदा पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के कुशल निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण लगाए जाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत कमासिन थाना पुलिस के द्वारा मोटरसाइकिल छीनकर फरार हुए एक शातिर एवं हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है । गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट, चोरी, लूट, हत्या के प्रयास,धोखाधडी समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बता दे की दिनांक 28 अगस्त की शाम थाना बबेरू क्षेत्र के रहने वाले समर द्वारा कमासिन पुलिस को सूचना दी गई कि कमासिन स्थित बिजली पावर हाउस के पास एक अज्ञात व्यक्ति उनकी मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गया है । घटना की सूचना मिलते ही कमासिन थाना पुलिस ने तत्काल
अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्त की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया । पुलिस टीमों के द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी । इसी दौरान रात्रि गश्त एवं चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को बबेरू की ओर से कमासिन की तरफ एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता हुआ दिखाई दिया । पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ करने का प्रयास किया तो व्यक्ति मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आवश्यक बल का प्रयोग करते हुए उसे पकड़ लिया । पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर अभियुक्त कल्लू उर्फ़ अंसार पुत्र मुस्तफ़ा उर्फ़ नौशाद निवासी सिमौनी हाल पता हरदौली ने अपना जुर्म स्वीकार किया कि उसके पास मौजूद मोटरसाइकिल कमासिन थाना क्षेत्र से छीनी गई थी । इसके बाद पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से छीनी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली । बता दें कि अभियुक्त कोई सामान्य अपराधी नहीं, बल्कि शातिर एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधी है । उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट, चोरी, लूट, हत्या के प्रयास सहित एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं । गिरफ्तार अभियुक्त को पुलिस के द्वारा मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।


No comments:
Post a Comment