झमाझम बारिश से बेहाल शहरवासी, सड़कों पर तालाब जैसे हालात - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, August 25, 2026

झमाझम बारिश से बेहाल शहरवासी, सड़कों पर तालाब जैसे हालात

नाले-नालियां सफाई के दावों की खुली पोल, जलभराव से हाहाकार

घंटों जाम में फंसे रहे लोग, स्कूली बच्चों को भी उठानी पड़ी परेशानी

फतेहपुर, मो शमशाद । मंगलवार को सुबह से शुरू हुई झमाझम बारिश का सिलसिला देर तक जारी रहा। लगातार हुई बारिश से शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। कई गली-मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर सड़कें तालाब में तब्दील नजर आईं। कहीं घुटनों तक पानी भरा रहा तो कहीं जलभराव के बीच वाहन फंसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश ने एक ओर जहां उमस और गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर नगर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल भी खोलकर रख दी।

भीषण बारिश के चलते गली में जलभराव का दृश्य व खागा में जीटी रोड पर भरे पानी से गुजरते वाहन।

शहर के तमाम निचले इलाकों में बारिश का पानी घंटों तक सड़कों पर जमा रहा। लोगों को पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ा। कई दोपहिया और चारपहिया वाहन जलभराव में फंस गए, जिन्हें लोगों की मदद से किसी तरह बाहर निकाला गया। गली-मोहल्लों में पानी भर जाने से स्थानीय लोगों को घरों से निकलने तक में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद जलभराव की स्थिति को लेकर लोगों में नगर पालिका की कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी दिखाई दी। लोगों का कहना था कि बारिश से पहले नालों और नालियों की सफाई पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही तेज बारिश में जलनिकासी व्यवस्था दम तोड़ती नजर आ रही है। नालियों की समुचित सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था होती तो सड़कों पर घंटों पानी जमा नहीं रहता। उधर खागा कस्बे में बारिश ने हालात और भी खराब कर दिए। कस्बे के प्रमुख मार्ग पर जगह-जगह पानी भर गया और सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगीं। जलभराव के बीच वाहन रेंगते नजर आए। स्कूली बच्चों को भी बारिश और जलभराव के बीच स्कूल पहुंचने तथा छुट्टी के बाद घर लौटने में परेशानी हुई। कई बच्चे भीगते हुए घर पहुंचने को मजबूर हुए। लगातार बारिश के कारण जिले के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात भी प्रभावित रहा। जलभराव और धीमी रफ्तार से वाहनों की कतार लग गई। स्कूली वाहनों से लेकर आम राहगीरों तक को जाम में फंसकर घंटों इंतजार करना पड़ा। बारिश के बीच जाम में फंसे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। मंगलवार की बारिश ने जहां लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत दी, वहीं जलभराव ने नगर की जलनिकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। लोगों ने मांग की कि बारिश के पानी की तत्काल निकासी कराकर नालों-नालियों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि आने वाली बारिश में शहरवासियों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages