कमासिन/ बांदा, के एस दुबे । नारायनपुर फीडर की बदहाल बिजली व्यवस्था से परेशान सैकड़ों किसानों ने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बीरा का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। ट्रैक्टर, बाइक और चार पहिया वाहनों से पहुंचे किसानों के साथ महिलाएं व छात्राएं भी मौजूद रहीं। किसानों ने “इंकलाब जिंदाबाद” और “भारत माता की जय” के नारे लगाते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।
किसानों का आरोप है कि करीब तीन माह से विद्युत आपूर्ति बेपटरी है, जिससे खेतों की सिंचाई, घरों की बिजली और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने लाइन जोड़ने के नाम पर हजारों रुपये लिए जाने और बिना पैसे कनेक्शन न जोड़ने के गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों ने उपकेंद्र परिसर में शराब की खाली बोतलें दिखाते हुए मामले की जांच की मांग की।
दोपहर बाद जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल मौके पर पहुंचे और किसानों से शिकायतें सुनीं। किसानों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। देर शाम जेई शत्रुघन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शिकायतों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाकर जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली व्यवस्था में सुधार और कथित वसूली की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। किसानों ने विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


No comments:
Post a Comment