चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने रविवार को चित्रकूट इंटर कॉलेज कर्वी में बैठक कर शिक्षणेत्तर क्रांति दिवस मनाया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा की मौजूदगी में कर्मचारियों ने पौधारोपण किया और अपनी मांगों को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। बैठक में संगठन की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि नौ अगस्त 2016 को लखनऊ में कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर संघर्ष किया था। उसी संघर्ष की स्मृति में प्रदेशीय नेतृत्व के आह्वान पर पूरे प्रदेश में शिक्षणेत्तर क्रांति दिवस
मनाया जा रहा है। जिला मंत्री गंगा प्रसाद ने बताया कि जिलाध्यक्ष को दो ज्ञापन दिए गए। पहले में शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को निश्शुल्क कैशलेस चिकित्सा सुविधा में शामिल करने की मांग की गई, जबकि दूसरे में 11 प्रमुख मांगें शामिल हैं। इनमें योग्यताधारी शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की शिक्षक पद पर पदोन्नति, अर्जित अवकाश का नगदीकरण, प्रबंध समिति में भागीदारी, पुरानी पेंशन बहाली, वेतन विसंगति दूर करने और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को नियमित करने की मांग प्रमुख है।
मंडल अध्यक्ष लवकुश मिश्रा ने कहा कि सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों से लेकर रसोइयों तक को कैशलेस सुविधा दी जा रही है, लेकिन शिक्षणेत्तर कर्मचारी इससे वंचित हैं। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों के साथ भेदभाव कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र शासनादेश जारी नहीं हुआ तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य ने ज्ञापन लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में रामगोपाल, गंगा प्रसाद, ललक सिंह, राकेश कुमार, शिवकुमार, पवन कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment