आजादी के दशकों बाद भी कनभ्य पुरवा में बिजली और सड़क का इंतजार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, August 12, 2026

आजादी के दशकों बाद भी कनभ्य पुरवा में बिजली और सड़क का इंतजार

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : मऊ तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा परदवां के मजरा कनभ्य पुरवा के ग्रामीण आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी राम ऋषि रमन को ज्ञापन सौंपकर बिजली, सड़क, पानी, नाली और खड़ंजा समेत अन्य विकास कार्य कराए जाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि कनभ्य पुरवा करीब 40 से 60 वर्षों से आबाद है, लेकिन आज तक यहां बिजली की व्यवस्था नहीं हो सकी। पुरवा में विद्युत खंभे और तार तक नहीं लगाए गए हैं। बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीणों को मोबाइल चार्ज कराने के लिए दूसरे गांवों का सहारा लेना पड़ता है।



सड़क और आवागमन की स्थिति भी बेहद खराब है। ग्रामीणों के मुताबिक किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने या प्रसव की स्थिति में एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। ऐसे में मरीजों और गर्भवती महिलाओं को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। खराब रास्ते के कारण हादसे का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कनभ्य पुरवा चित्रकूट जनपद की सीमा के अंतिम छोर पर स्थित होने और प्रयागराज जनपद से सटे होने के कारण लंबे समय से विकास से पिछड़ा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के समय सांसद, विधायक और ग्राम प्रधान समेत जनप्रतिनिधि विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद गांव की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। विकास कार्यों की ओर जिम्मेदारों की नजर नहीं पहुंच रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थलीय निरीक्षण कराकर प्राथमिकता के आधार पर बिजली, सड़क, पानी, नाली और खड़ंजा निर्माण कराने की मांग की है। उप जिलाधिकारी राम ऋषि रमन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि विद्युत विभाग को पत्र भेजकर बिजली की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। ज्ञापन देने वालों में कैलाश, जयरी, रामसहाय, सुमिन कुमार, सत्यम कुमार, समयलाल आदि ग्रामीण शामिल रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages