चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने विशेष अभियान चलाया। जिसके तहत सहायक आयुक्त खाद्य शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर कर्वी, बरगढ़, मानिकपुर, मऊ और राजापुर क्षेत्र में दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के कुल 19 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। अभियान के दौरान सदर क्षेत्र सहित सभी तहसील क्षेत्रों में संचालित प्रतिष्ठानों से चटनी, छेना, बूंदी के लड्डू, बर्फी, खट्टी चटनी, खोया बर्फी, पनीर, मिश्रित दूध, मटका कुल्फी, केसर-पिस्ता व अमेरिकन नट फ्रोजन डेजर्ट, लाइको रेड सिरप, सिरप, ड्राई फ्रूट्स और वालनट कर्नेल्स के नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट
के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। टीम ने राजापुर और मऊ क्षेत्र में कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण भी किया। यहां कोई आपत्तिजनक खाद्य सामग्री नहीं मिली, लेकिन खाद्य कारोबार में नियमों के उल्लंघन की कमियां सामने आईं। कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं थे। खाद्य पदार्थों में प्रयुक्त कच्चे माल की खरीद रसीदें और पेयजल की जांच रिपोर्ट भी नहीं मिली। कई स्थानों पर खाद्य पदार्थ खुले में रखकर बेचे जा रहे थे। विभाग ने संबंधित कारोबारियों को कमियां दूर करने के लिए नोटिस जारी किए हैं।


No comments:
Post a Comment