बांदा, के एस दुबे । विकासखंड कमासिन क्षेत्र की ग्राम पंचायत तिलौसा में बारिश के बाद जलभराव की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने प्रधान पर आरोप लगाते हुए बताया कि नाले की उचित सफाई न होने के कारण बारिश का पानी गांव से बाहर नहीं निकल पा रहा है, जिससे गांव के रास्तों पर पानी भर गया है। ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी रास्तों पर जमा है। जलभराव की स्थिति इतनी खराब है कि बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है, वहीं गांव के रास्तों से दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना भी बाधित हो रहा है। लोगों को रोज के कामों के लिए भी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नाले की समय से सफाई नहीं होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। पानी जमा रहने से गंदगी और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने मौके पर जांच कराकर नाले की समुचित सफाई कराने और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। शिकायती पत्र पर सुरेश कुमार, विजयकरन यादव, महेंद्र सिंह, सर्वेश यादव, प्रदीप यादव, महेंद्र यादव, शिवमोहन यादव और बिंदा सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment