चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : मंदाकिनी नदी में आई भीषण बाढ़ से चित्रकूट में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बाढ़ का पानी घरों, मठ-मंदिरों और बस्तियों में घुसने से लोगों की गृहस्थी जलमग्न हो गई। बाढ़ के भयावह मंजर से लोगों में दहशत का माहौल है। जिला प्रशासन के साथ सामाजिक संस्थाओं ने भी राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। इसी क्रम में श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट, जानकीकुंड ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए राहत कार्य शुरू किया। ट्रस्ट की ओर से करीब एक हजार लंच पैकेट वितरित किए गए। बाढ़ प्रभावित लोगों तक
भोजन पहुंचाने के साथ स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराने की भी तैयारी की जा रही है। सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं निदेशक डॉ. इलेश जैन ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में ट्रस्ट जिला प्रशासन के साथ पूरी तरह मुस्तैद है। बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य संबंधी हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में समाज के सभी सक्षम लोगों और संस्थाओं को आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं का समन्वय बेहद जरूरी है, ताकि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक समय से आवश्यक सामग्री और चिकित्सा सहायता पहुंचाई जा सके।


No comments:
Post a Comment