बांदा, के एस दुबे । रक्षाबंधन के पर्व पर योगी सरकार की ओर से बहनों को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा का तोहफा दिया गया, लेकिन कई महिला यात्रियों को इसका लाभ लेने के लिए बसों का इंतजार करना पड़ा। आरोप है कि बस चालक महिला यात्रियों को देखकर भी बसें नहीं रोक रहे, जिससे महिलाओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। महिला यात्रियों का कहना है कि सरकार ने रक्षाबंधन पर बहनों के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा दी, लेकिन यदि बस चालक रास्ते में महिलाओं को देखकर बस ही नहीं रोकेंगे तो इस सुविधा का क्या मतलब रह जाएगा। कई महिलाओं ने आरोप लगाया कि बसों के न रुकने के कारण उन्हें मजबूरी में निजी वाहनों या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा और किराया खर्च करना पड़ा।
रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए सफर कर रही थीं। ऐसे में बसों के न रुकने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। महिला यात्रियों ने परिवहन विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर बस चालकों को निर्धारित स्टॉपेज पर बसें रोकने के निर्देश देने की मांग की है। महिलाओं का कहना है कि सरकार की योजना का उद्देश्य बहनों को सुरक्षित और निशुल्क यात्रा की सुविधा देना है, लेकिन जमीनी स्तर पर यदि बसें ही नहीं रुकेंगी तो सरकारी सुविधा का लाभ कैसे मिलेगा। यात्रियों ने जिम्मेदार अधिकारियों से व्यवस्था में सुधार की मांग की है।


No comments:
Post a Comment