राधा-कृष्ण और भोलेनाथ की झांकियों ने मोहा मन
पैलानी /बांदा, के एस दुबे । विकासखंड जसपुरा की ग्राम पंचायत रामपुर में रक्षाबंधन एवं कजली पर्व के अवसर पर ग्रामीणों और गांव की कमेटी के सहयोग से भव्य झांकियों का आयोजन किया गया। विशाल झांकियों में राधा-कृष्ण और भोलेनाथ की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। झांकियों को देखने के लिए गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी झांकियों का शुभारंभ निषाद मोहल्ला कल्याण ताला से हुआ। इसके बाद झांकियां प्रजापति मोहल्ला, पंचायत प्रजापति के दरवाजे और राम जानकी मंदिर होते हुए त्रिवेणी आश्रम पहुंचीं। इस दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने झांकियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में पंकज महाकाल ग्रुप कनकी द्वारा प्रस्तुत विशाल रिकॉर्डिंग डांस ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। बैंड-बाजा, डीजे के साथ चार घोड़ों का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा। घोड़ों ने अपनी कलाकारी से लोगों की खूब तालियां बटोरीं। त्रिवेणी आश्रम में करीब डेढ़ घंटे तक रिकॉर्डिंग डांस की प्रस्तुति चली, जिसका ग्रामीणों ने जमकर आनंद लिया।
कार्यक्रम में गांव की महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे। प्रमुख रूप से पप्पू तिवारी, सचिन तिवारी, भगत सिंह, उदय साहू, लाला यादव, सुयश तिवारी, सुशील सिंह, लालू सिंह, विक्रांत सिंह, हरि नारायण द्विवेदी, विपिन सविता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। धीरज सिंह चौहान ने बताया कि रक्षाबंधन और कजली का यह पर्व हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। वहीं दीपक मिश्रा ने बताया कि हर वर्ष नई झांकियां मंगाई जाती हैं, जो पूरे गांव में भ्रमण करने के बाद त्रिवेणी आश्रम स्थित रोटी राम जी के दरबार में पहुंचकर संपन्न होती हैं।
गांव के बुजुर्ग जगदीश तिवारी और राज बहादुर निषाद ने बताया कि यह आयोजन गांव की वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है, जिसे ग्रामीण आज भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाते आ रहे हैं। मंगल सिंह ने राधा-कृष्ण और भोलेनाथ की झांकियों की सराहना करते हुए कहा कि झांकियों की भव्य प्रस्तुति देखकर ऐसा लग रहा था मानो साक्षात भगवान धरती पर उतर आए हों। कार्यक्रम के समापन पर सभी कजली का विसर्जन रोटी राम महाराज गायत्री माता आश्रम स्थित त्रिवेणी तालाब में किया गया। पूरे आयोजन के दौरान गांव में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।


No comments:
Post a Comment