अनगिनत क्रांतिकारियों के बलिदान से देश को मिली स्वतंत्रता: डीएम - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, August 16, 2026

अनगिनत क्रांतिकारियों के बलिदान से देश को मिली स्वतंत्रता: डीएम

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आदर्शों को जीवन में उतारने का किया आहवान

स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रभक्ति के रंग में डूबा नजर आया जनपद

फतेहपुर, मो शमशाद । स्वतंत्रता दिवस पर जिला पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में डूबा नजर आया। कलेक्ट्रेट से लेकर पुलिस लाइन व सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह तक जगह-जगह ध्वजारोहण हुआ। राष्ट्रधुन और देशभक्ति के गीतों से माहौल गूंजता रहा तो स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों से लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक हर कोई आजादी के जश्न में सराबोर दिखाई दिया।

कलेक्ट्रेट पर झण्डारोहण एवं महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करतीं डीएम, प्रेक्षागृह में सम्मानित करतीं राज्यमंत्री कृष्णा पासवान व रैली में शामिल डीएम।

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। डीएम ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को आजादी अनगिनत बलिदानों और संघर्षों के बाद मिली है इसलिए यह दिन केवल उत्सव का नहीं बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को याद कर उन्हें अपने आचरण में उतारने का भी अवसर है। पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने ध्वजारोहण किया। पुलिस कर्मियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। समारोह में देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस लाइन में स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग कृष्णा पासवान ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने तिरंगे रंग के गुब्बारे आसमान में उड़ाकर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं। एनसीसी बैंड ने राष्ट्रधुन का वादन किया तो पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से भर उठा। समारोह में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित निबंध, रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मनमोहक प्रस्तुतियां देने वाले बच्चों को भी प्रशस्ति पत्र, चॉकलेट आदि देकर प्रोत्साहित किया गया। राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षाेल्लास के साथ राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जा रहा है। आने वाली पीढ़ी को यह पता होना चाहिए कि देश को आजादी कितने संघर्ष और बलिदान के बाद मिली है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें विरासत में मिली है और इस विरासत को संभालकर रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और कर्तव्य है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने अपने संबोधन की शुरुआत हम होंगे कामयाब की पंक्तियों से की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता ऐसे ही नहीं मिली, इसके लिए अनगिनत लोगों ने अपना बलिदान दिया है। स्वतंत्रता दिवस गर्व और गौरव का दिन है। आज आवश्यकता इस बात की है कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आदर्शों को केवल पढ़ा ही न जाए, बल्कि उन्हें जीवन में भी उतारा जाए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपना लक्ष्य स्वयं निर्धारित करें और यह चिंतन करें कि उसे हासिल करने के लिए किस दिशा में आगे बढ़ना है। जिला खेल कार्यालय की ओर से बालक एवं बालिकाओं की पांच किलोमीटर क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 65 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, जिसमें 50 बालक और 15 बालिकाएं शामिल रहीं। क्रॉस कंट्री रेस कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर पटेल नगर चैराहा, आईटीआई रोड, वर्मा चैराहा और ज्वालागंज होते हुए शांतिनगर स्थित स्पोट्र्स स्टेडियम में समाप्त हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनय पांडेय और क्रीड़ा अधिकारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। स्वतंत्रता दिवस पर दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages