आईएसओ प्रमाणन के लिए मिली अनुशंसा, कृषि सेवाओं की गुणवत्ता को मिली नई पहचान
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : दीनदयाल शोध संस्थान के अंतर्गत संचालित कृषि विज्ञान केंद्र गनीवा को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता प्रबंधन मानक आईएसओ 9001ः2015 के तहत प्रमाणन के लिए अनुशंसित किया गया है। यह उपलब्धि केंद्र की गुणवत्ता, पारदर्शिता और किसानों को वैज्ञानिक सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का प्रमाण मानी जा रही है। केन्द्र के वैज्ञानिक उत्तम कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विश्वस्तरीय प्रमाणीकरण एवं मूल्यांकन संस्था एसजीएस (सोसाइटी जेनेराल दे सर्विलांस) ने बीती 30 जुलाई को केंद्र का विस्तृत ऑडिट किया। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली, तकनीकी सेवाओं, किसानों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों, अभिलेख एवं दस्तावेज प्रबंधन, फील्ड
गतिविधियों तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का गहन मूल्यांकन किया गया। ऑडिट के बाद 6 अगस्त को जारी आधिकारिक पत्र में केंद्र की प्रबंधन प्रणाली को आईएसओ 9001ः2015 के सभी मानकों के अनुरूप पाते हुए प्रमाणन के लिए अनुशंसित किया गया। बताया कि केंद्र का कार्यक्षेत्र जनपद में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के लिए तकनीकी मूल्यांकन, प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन) और क्षमता विकास गतिविधियों तक विस्तृत है तथा यह लंबे समय से उन्नत कृषि तकनीकों के प्रसार, गुणवत्तापूर्ण बीज वितरण, प्राकृतिक खेती, मिलेट्स के प्रचार-प्रसार, कृषि आधारित उद्यमिता विकास तथा किसान प्रशिक्षण, गोष्ठियों और तकनीकी परामर्श के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और सतत कृषि विकास को बढ़ावा दे रहा है। केन्द्र के सभी वैज्ञानिकों ने इस उपलब्धि को सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं प्रदान करने का संकल्प दोहराया।


No comments:
Post a Comment