छात्र की मौत पर कांग्रेस का हल्लाबोल, घर पहुंचकर सुनी बाबा की दास्तां - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, August 28, 2026

छात्र की मौत पर कांग्रेस का हल्लाबोल, घर पहुंचकर सुनी बाबा की दास्तां

यशु की मौत को लेकर विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप

कांग्रेस ने मान्यता रद करने, प्रधानाचार्य पर हत्या का मुकदमा व पचास लाख मुआवजे की उठाई मांग

फतेहपुर, मो शमशाद। सरस्वती बाल विद्या मंदिर शिवपुरम कॉलोनी में कक्षा 12 के छात्र तेजस उर्फ यशु द्विवेदी की मौत का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। बीती 26 अगस्त को हुई छात्र की मौत के बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल मृतक के घर पहुंचा और परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान मृतक के बाबा सुरेंद्र द्विवेदी ने प्रतिनिधिमंडल के सामने पोते की मौत से जुड़ी दर्दभरी दास्तां सुनाई। परिजनों की ओर से विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

मृतक छात्र के परिवारीजनों से वार्ता करता कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल।

मृतक के बाबा सुरेंद्र द्विवेदी ने कांग्रेस नेताओं को बताया कि प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी ने बच्चे की छोटी सी गलती पर उसे कथित रूप से अंधेरे में ले जाकर बुरी तरह पीटा। इसके बाद छात्र की हालत बिगड़ गई। गंभीर अवस्था में उसे कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। छह भाइयों के बीच इकलौते चिराग की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बाबा ने यह भी सवाल उठाया कि उन्हें पुलिस की ओर से सूचना दी गई कि उनका बच्चा सौंरा में अचेत अवस्था में पड़ा है। उन्होंने इस घटनाक्रम को संदिग्ध बताते हुए आरोप लगाया कि छात्र को विद्यालय की ओर से ही अचेत अवस्था में वहां छोड़ा गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। मृतक के घर पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ छात्र उत्पीड़न की पहले भी शिकायतें मिलती रही हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी प्रबंधन द्वारा खागा में संचालित विद्यालय में पूर्व में भी एक बच्ची की जान जा चुकी है और इसके बाद एक अन्य बच्चे की मौत का मामला सामने आया। उन्होंने कहा कि यशु की मौत की घटना को कांग्रेस गंभीरता से ले रही है और अब विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ सड़क पर उतरकर संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मो0 आरिफ गुड्डा ने कहा कि पूरी कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने मांग की कि विद्यालय की मान्यता रद की जाए, प्रधानाचार्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए और मृतक छात्र के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। प्रतिनिधिमंडल में पार्टी प्रवक्ता ई. देवी प्रकाश दुबे, विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष आदित्य श्रीवास्तव, अरुण जायसवाल, शहर उपाध्यक्ष अजय बच्चा, कौशल कुमार शुक्ला और बशीर अहमद समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages