चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिले के सभी 1088 आंगनवाड़ी केंद्रों पर बुधवार को नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का औपचारिक शुभारंभ हुआ। जिनमें वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी का लाइव प्रसारण देखा गया। इसमें बाल विकास परियोजना अधिकारियों, मुख्य सेविकाओं, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं समेत करीब 2200 कार्मिकों ने सहभागिता की। जिला कार्यक्रम अधिकारी अरुण कुमार पाण्डेय ने बताया कि पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा। इस वर्ष इसकी थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। अभियान के दौरान सभी केंद्रों पर दैनिक एवं साप्ताहिक गतिविधियों का
आयोजन कर निर्धारित लक्ष्यों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आहार विविधता और पर्याप्त प्रोटीन के लिए स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों से व्यंजन प्रदर्शन, पोषण मेले और प्रोटीन थाली प्रतियोगिताएं होंगी। 0 से 3 वर्ष के बच्चों के प्रारंभिक विकास पर जोर देते हुए होम विजिट और विकास में विलंब वाले बच्चों को आरबीएसके टीम से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी। ताजा पके भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, सामुदायिक सहभागिता तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में पात्र महिलाओं के शत-प्रतिशत लाभ पर भी विशेष ध्यान रहेगा। इसके साथ ही गतिविधियों की डिजिटल रिपोर्टिंग पोषण अभियान पोर्टल पर की जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील है कि वे सभी सामुदायिक सहभागिता से कुपोषण मुक्त एवं सुपोषित भारत के इस जन-आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लें और आंगनवाड़ी केंद्रों की सेवाओं को मजबूत बनाए।


No comments:
Post a Comment