डीएम-एसपी ने बाढ़ प्रभावित फसलों का लिया जायजा, 72 घंटे में सूचना देने की अपील
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बुधवार को विकासखंड कर्वी के भरथौल गांव में अतिवृष्टि व बाढ़ से प्रभावित फसलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। डीएम ने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसलों का बीमा कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीमित फसल को सूखा, बाढ़ या जलभराव, तूफान, ओलावृष्टि, चक्रवात, प्राकृतिक आग, कीट एवं रोग से नुकसान होने पर 72 घंटे के भीतर संबंधित बैंक, बीमा
कंपनी, उप कृषि निदेशक कार्यालय अथवा टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना देना जरूरी है। इससे किसान फसल क्षति का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। डीएम ने संबंधित राजस्व निरीक्षक को फसलों की क्षति का गाटावार सर्वे कर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक बीमित किसानों की ओर से फसल क्षति के 460 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 257 आवेदनों का बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों ने मौके पर निस्तारण किया है। क्षति का आकलन पूरा होने के बाद निर्धारित धनराशि डीबीटी के माध्यम से किसानों के खातों में भेजी जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम कर्वी अजय यादव, उप कृषि निदेशक जीत लाल गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी आरके वर्मा सहित ग्राम प्रधान, लेखपाल एवं कृषि विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment