चित्रकूट, के एस दुबे : मऊ तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत ददरी के लालता रोड स्थित नेशनल हाईवे-35 पर लंबे समय से बारिश के कारण जलभराव की समस्या बनी हुई थी। सड़क पर पानी भरने से राहगीरों, बाइक सवारों और बड़े वाहनों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। कई लोग फिसलकर घायल भी हो चुके थे। स्थानीय लोगों की शिकायत पर उप जिलाधिकारी मऊ राम ऋषि रमन मंगलवार को मौके पर पहुंचे और जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने कई घंटे मौके पर रहकर जल निकासी की व्यवस्था की निगरानी की। ग्राम प्रधान ज्ञान सिंह से संपर्क कर मौके
पर जेसीबी मंगाई गई। जेसीबी की मदद से जल निकासी में बाधा बन रहे अतिक्रमण और बंद नालियों को हटाकर साफ कराया गया। राजापुर की ओर जाने वाली सड़क के पास बनी नालियों की भी सफाई कराई गई। इसके बाद पानी तेजी से निकल गया और हाईवे पर जलभराव की समस्या समाप्त हो गई। मौके पर लेखपाल, मऊ थाना पुलिस तथा ग्रामीण मौजूद रहे। जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान होने पर स्थानीय लोगों ने प्रशासन का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि कार्रवाई से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी राहत मिली है।


No comments:
Post a Comment