जल निगम की परियोजनाओं में देरी पर डीएम सख्त - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, September 8, 2026

जल निगम की परियोजनाओं में देरी पर डीएम सख्त

जल जीवन मिशन की समीक्षा में दिए कड़े निर्देश

पूर्ण परियोजनाओं का होगा स्थलीय सत्यापन

फतेहपुर, मो शमशाद । जल निगम ग्रामीण एवं शहरी की निर्माणाधीन परियोजनाओं को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन ग्रामीण के अंतर्गत पाइप पेयजल की निर्माणाधीन परियोजनाओं व जल निगम शहरी की निर्माणाधीन योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए प्रत्येक परियोजना की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को दो टूक निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी परियोजनाओं को चरणबद्ध कार्ययोजना के अनुसार गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए।

बैठक में भाग लेतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स व अन्य। 

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं की माहवार कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुरूप काम में तेजी लाई जाए, ताकि योजनाओं का लाभ लोगों को समय से मिल सके। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण को निर्देशित किया कि जिन परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उनका स्थलीय निरीक्षण एवं सत्यापन कराया जाए और सत्यापन रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराई जाए। डीएम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के साथ ही परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने पर जोर दिया। बैठक में जिलाधिकारी ने जल संरक्षण को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण से कहा कि ग्राम चौपालों और तहसील दिवसों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर अधिक से अधिक नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही लोगों को जल सारथी मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने उपनिदेशक कृषि से समन्वय स्थापित कर किसानों को भी जल संरक्षण के महत्व की जानकारी देने तथा उन्हें जल सारथी ऐप से जोड़ने के निर्देश दिए। वहीं जल निगम शहरी की योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि जिन नगर निकायों में एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का निर्माण प्रस्तावित है, वहां संबंधित उपजिलाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द उपयुक्त भूमि चिन्हित कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को आगे बढ़ाएं, जिससे परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो। बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण एवं शहरी, संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages