नदी टोला के पेयजल संकट पर डीएम गंभीर, जल्द होगी पानी की व्यवस्था - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, September 8, 2026

नदी टोला के पेयजल संकट पर डीएम गंभीर, जल्द होगी पानी की व्यवस्था

बांदा, के एस दुबे । ग्राम पंचायत बदौसा के नदी टोला में वर्षों से चले आ रहे गंभीर पेयजल संकट को लेकर जेडीयू की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी बुंदेलखंड शालिनी सिंह पटेल ने मंगलवार को जिलाधिकारी बांदा को पत्र सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। पत्र में बताया गया कि नदी टोला में अधिकांश दलित एवं गरीब परिवार निवास करते हैं, जो पिछले कई वर्षों से पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। स्थिति यह है कि बस्ती की महिलाएं एवं बेटियां लगभग एक किलोमीटर दूर थाना परिसर अथवा उसके पास स्थित जलकूप से पानी लाकर परिवार की दैनिक जरूरतें पूरी करने को मजबूर हैं। जल संस्थान के उच्च अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत और अनुरोध किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। शालिनी सिंह


पटेल ने जिलाधिकारी से नदी टोला में तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराकर पेयजल संकट की वास्तविक स्थिति की जांच कराने तथा पाइपलाइन विस्तार, जल स्रोत, ट्यूबवेल, जलकूप अथवा अन्य उपयुक्त व्यवस्था कराकर ग्रामीणों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह केवल पानी की समस्या नहीं, बल्कि गरीब एवं दलित परिवारों के सम्मानजनक जीवन से जुड़ा गंभीर जनहित का विषय है। जिलाधिकारी बांदा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि जल्द ही नदी टोला में पानी की व्यवस्था कराई जाएगी और ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद नदी टोला के ग्रामीणों में वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages